266 लीटर विदेशी शराब व बीयर बरामद, तस्कर फरार
जहानाबाद: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता मिली है। रतनी फरीदपुर प्रखंड के शकूराबाद थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर गांव में छापेमारी कर 266.250 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपित अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर मद्य निषेध विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मिर्जापुर गांव के वार्ड संख्या-12 में छापेमारी की गई। जांच के दौरान एक खेत में पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब और बीयर की खेप बरामद हुई।
मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब के संबंध में मिर्जापुर निवासी गौरव कुमार शर्मा उर्फ रामाकांत शर्मा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। छापेमारी की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया। उसके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
विभाग की टीम फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अवैध शराब संबंधी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
Jehanabad, Jehanabad | Jul 18, 2026