-प्रबोध जनसेवा द्वारा 45 यूनिट रक्तदान कर शहीदों को दी गई श्रधांजलि
- कारगिल विजय दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का किया गया आयोजन
संवाद सहयोगी, जागरण/, जमुई: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के अमर शहीदों और भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को लेकर प्रबोध जनसेवा संस्थान द्वारा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान रविवार की देर शाम तक करीब 45 यूनिट ब्लड डोनेट कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर रक्तदान का संदेश दिया। शिविर के सफल आयोजन को लेकर संस्था द्वारा सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान शिविर प्रभारी रौशन सिंह, संस्थान के सचिव सुमन सौरभ और सौरभ मिश्रा ने सिविल सर्जन से मुलाकात कर रक्तदान शिविर की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की
संस्थान के सचिव सुमन सौरभ ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि उन वीर भारतीय सैनिकों के अद्वितीय साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान की अमर गाथा है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल शब्दों से नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद की जान बचाने वाले रक्तदान जैसे महादान से दी जा सकती है। इसी उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से युवा सदर अस्पताल ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। संस्थान के सदस्यों ने जिले के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस महादान से जुड़ने की अपील की। उनका कहना है कि भारतीय सैनिकों के बलिदान का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब समाज जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए आगे आए।
Jamui, Jamui | Jul 26, 2026