*बस्ती में मंडलायुक्त ने एक करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा की, गुणवत्ता में समझौते पर जताई नाराजगी*
*जनपद बस्ती, 28 अक्टूबर 2026 * मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं (सड़कों को छोड़कर) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में मंडल के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समयावधि में पूर्ण होने की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक करोड़ से अधिक लागत की सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। परियोजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं का अनुपालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
मंडलायुक्त ने जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई, उन पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी कार्यदायी संस्थाओं के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करें तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति का अनुश्रवण करें। अगर कोई समस्या हो तो उसे तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते निराकरण हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम, संबंधित विभागों के मंडलीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*विश्लेषण:* बस्ती मंडल में करोड़ों की परियोजनाएं अक्सर कागजों में पूरी दिखती हैं, लेकिन जमीन पर गुणवत्ता और समय दोनों फेल हो जाते हैं। मंडलायुक्त का सख्त रुख ऐसे में जरूरी था। अगर नियमित स्थलीय निरीक्षण और कार्यदायी संस्थाओं पर कार्रवाई सच में होती है, तो जनता को अधूरे अस्पताल, कॉलेज और भवनों से छुटकारा मिलेगा।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 29, 2026