अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहरी और इंडिया गठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जोरदार पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
पंचायत भवन के सामने जमीदारा पेट्रोल पंप से शुरू हुआ यह मार्च लघु सचिवालय तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “वोट बचाओ, देश बचाओ” और “वोट चोर गद्दी छोड़ो” के नारे लगाए।
प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर, देवेंद्र सिंह सहित जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कई कार्यकर्ताओं ने बांहों पर काली पट्टियां बांधकर विरोध दर्ज कराया। हाथों में कांग्रेस के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में INTUC हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव प्रभारी के रूप में प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
यमुनानगर से राष्ट्रीय कदम ब्यूरो की रिपोर्ट।