संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल के बाहर जोरदार रोष प्रदर्शन
“40 बच्चों के भविष्य की कीमत सिर्फ ₹2 लाख?” — अभिभावकों ने उठाए गंभीर सवाल
यमुनानगर, 07 सितंबर 2026:
आज एक देश – एक किताब – एक समान फीस अभियान के अंतर्गत संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल, नजदीक कन्हैया चौक, यमुनानगर के बाहर अभिभावकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार शांतिपूर्ण रोष प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल पर लगाए गए ₹2 लाख के जुर्माने को लेकर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभागीय कार्रवाई में 40 बच्चों से संबंधित मामला सामने आने के बावजूद क्या इन 40 बच्चों के भविष्य की कीमत मात्र ₹2 लाख तय कर दी गई है?
अभिभावकों ने सवाल उठाया कि ₹2 लाख की यह पेनल्टी किस मद में जाएगी और इसका उन 40 बच्चों को क्या लाभ मिलेगा, जिनका भविष्य प्रभावित होने का आरोप है?
प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल जुर्माना लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी तय होना चाहिए कि बच्चों को हुई परेशानी की जिम्मेदारी किसकी है और जवाबदेही किसकी बनती है।
प्रदर्शन के दौरान विभिन्न चर्चित मामलों और बड़े घोटालों में हुई कथित सेटलमेंट/कार्रवाई का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया गया कि क्या बड़े मामलों में भी इसी तरह समझौते और जुर्माने के जरिए मामले समाप्त किए जाते हैं? प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस मामले में भी पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक एवं पारदर्शी हो।
अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि आने वाले समय में किताबों के नाम पर अभिभावकों पर दोबारा अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने या कथित मनमानी की गई, तो इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन में कुछ अभिभावकों ने स्कूल को “लूट का अड्डा” तक कहा और मांग की कि शिक्षा को व्यापार का माध्यम नहीं बनने दिया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने दोहराया—
“एक देश — एक किताब!”
“एक समान फीस!”
“बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो!”
प्रदर्शन में मुख्य रूप से संजीव नंदा, संजय राघव, सुशील बत्रा, दीपक वर्मा, ज्योति गुप्ता, अंकुश बक्शी सहित अन्य अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Viral...... V
Ambala, Ambala | Sep 7, 2026