पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में माटी गणेश–सिद्ध गणेश मूर्ति निर्माण कार्यशाला संपन्न, सामाजिक कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी माटी गणेश
==========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड छिंदवाड़ा के तत्वावधान में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए माटी गणेश मूर्ति निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आज पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ पारंपरिक माटीकला एवं मूर्तिकला को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में शिल्पकार एवं प्रशिक्षक श्री विजय मालवीय ने प्रतिभागियों को माटी से पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय एवं पवित्र माटी तथा शुद्ध जल से गणेश प्रतिमा तैयार करने की विधि बताई गई। इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा प्रशिक्षक श्री विजय मालवीय का शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जन अभियान परिषद जिला समन्वयक छिंदवाड़ा श्री अखिलेश जैन, परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी, श्री श्यामल राव, श्रीमती लता नागले, श्रीमती तृप्ति सिंह एवं श्री आशीष साहू सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में हुआ।
जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने कहा कि माटी गणेश अभियान प्रदेश के मुख्यमंत्री की एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से पर्यावरण एवं जल संरक्षण का सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी पर प्लास्टर ऑफ पेरिस एवं रासायनिक पदार्थों से निर्मित प्रतिमाओं के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को रोकना तथा लोगों को प्राकृतिक माटी से गणेश प्रतिमा बनाने के लिए प्रेरित करना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
जिला समन्वयक श्री जैन ने बताया कि जन अभियान परिषद के पूरे जिले में सक्रिय नेटवर्क से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं को माटी गणेश के मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये मास्टर ट्रेनर गांव-गांव एवं नगरों में पहुंचकर लोगों को अपने घर की पवित्र माटी और शुद्ध जल से पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ पारंपरिक कला और स्थानीय हुनर को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त समाजसेवी श्री विनोद तिवारी ने माटी शिल्प के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने माटी कला में किए जा रहे नए नवाचारों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को इसके व्यापक उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं तथा सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल स्वच्छता, पारंपरिक माटीकला एवं स्वरोजगार का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।