दिशा की बैठक में दिव्यांगजनों,हिंसा-पीड़ित महिलाओं और भूमिहीन परिवारों को मिला संबल
मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल एवं सांसद डॉ. मो.जावेद ने बॉटी ट्राईसाइकिल, सहायता राशि और वासभूमि पर्चा
किशनगंज जिला मुख्यालय स्थित आज दिनांक 22 अगस्त 2026 को जिला परिषद् सभागार में आयोजित "दिशा" की बैठक जिले के वंचित वर्गों के लिए राहत का अवसर बनी।
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, किशनगंज के सांसद डॉ. मो. जावेद के कर कमलों द्वारा आठ दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, घरेलू हिंसा से पीड़ित 20 महिलाओं को आर्थिक सहायता तथा पाँच भूमिहीन परिवारों को वासभूमि पर्चा प्रदान किया गया।
एक ही मंच से तीन अलग-अलग वर्गों को लाभ पहुँचाने वाला यह कार्यक्रम जिले में चल रही कल्याणकारी योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन का उदाहरण बना।
*आठ दिव्यांगजनों को मिली आत्मनिर्भरता की सवारी*
संबल योजना (वित्तीय वर्ष 2026-27) के तहत किशनगंज प्रखंड के आठ दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल सौंपी गई। लाभुकों में एक महिला भी शामिल हैं । ट्राईसाइकिल पाते ही लाभुकों के चेहरे खिल उठे वर्षों से दूसरों के सहारे चलने वालों के लिए यह महज उपकरण नहीं, अपने पैरों पर चलने का भरोसा है।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि सहायक उपकरण वितरण, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यू.डी.आई.डी. कार्ड, दिव्यांग पेंशन एवं कौशल विकास की नियमित समीक्षा की जा रही है।
शेष पात्र दिव्यांगजन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, समाहरणालय, किशनगंज अथवा अपने प्रखंड कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
*हिंसा-पीड़ित 20 महिलाओं को दो लाख की सहायता*
मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत सामाजिक पुनर्वास कोष से घरेलू हिंसा से पीड़ित 20 महिलाओं को डमी चेक प्रदान किए गए।
प्रत्येक लाभार्थी को ₹10,000 दिए गए, जिनका उपयोग वे जीवनयापन अथवा इलाज के लिए कर सकती हैं। इस प्रकार कुल ₹2,00,000 की सहायता राशि वितरित की गई। सभी लाभार्थी वन स्टॉप सेंटर, किशनगंज के माध्यम से पंजीकृत हैं।
घरेलू हिंसा केवल शारीरिक नहीं होती इसमें मानसिक, भावनात्मक और आर्थिक उत्पीड़न भी शामिल है। परिवार से अलग रहने की स्थिति में पीड़ित महिला के सामने बच्चों की देखभाल, इलाज, भोजन और सुरक्षित ठिकाने जैसी चुनौतियाँ एक साथ खड़ी हो जाती हैं। ऐसे में यह राशि तत्काल राहत का काम करती है। पीड़ित महिलाएँ वन स्टॉप सेंटर, किशनगंज से संपर्क कर चिकित्सा, विधिक सहायता, पुलिस सहयोग, अस्थायी आश्रय एवं परामर्श की सुविधा एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकती हैं।
*पाँच भूमिहीन परिवारों को मिला वासभूमि पर्चा*
इसी कार्यक्रम में पोठिया अंचल के कुल पाँच भूमिहीन परिवारों को वासभूमि पर्चा वितरित किया गया। पर्चा मिलने से इन परिवारों को अपनी जमीन पर स्थायी आवास बनाने का कानूनी अधिकार प्राप्त हुआ है, जिससे वे आवास सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी ले सकेंगे। जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने बताया कि अंचलवार सर्वेक्षण के आधार पर शेष पात्र भूमिहीन परिवारों को भी चरणबद्ध रूप से वासभूमि उपलब्ध करायी जाएगी।
इस अवसर पर माननीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, "समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुँचे -यही सरकार की प्राथमिकता है।"
वहीं माननीय सांसद डॉ. मो. जावेद ने कहा कि "दिव्यांगता हो, हिंसा की पीड़िता हो या भूमिहीनता,
सहारा मिलते ही लोग अपने पैरों पर खड़े हो जाते हैं। जिले में ऐसे कार्यक्रम आगे भी होते रहेंगे।"
इस अवसर पर नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी किशनगंज सहित कोचाधामन, ठाकुरगंज एवं किशनगंज विधानसभा क्षेत्रों के माननीय विधायकगण तथा जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारीगण ,
जिला परिषद् के प्रतिनिधिगण, संबंधित कोषांगों एवं वन स्टॉप सेंटर के कर्मीगण तथा बड़ी संख्या में लाभुक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। #viralpost #Vacaciones #viralreelschallenge #viralchallenge #videogames #viralreels #venezuela #2026Goals #newyork
Terhagachh, Kishanganj | Aug 22, 2026