नगर निकाय आम चुनाव-2026*_
*जिले में शाम 6 बजे तक 68.71 प्रतिशत मतदान*
*तीनों नगरीय निकायों में 80,043 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, खण्डार में सर्वाधिक 85.09 प्रतिशत मतदान*
*वरिष्ठ नागरिकों, नवमतदाताओं एवं दिव्यांगजनों ने उत्साह से निभाई लोकतंत्र में भागीदारी, घायल मतदाता भी पहुंचा मतदान केन्द्र*
*सवाई माधोपुर, 9 सितम्बर।* नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में जिले के नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका बौंली एवं नगर पालिका खण्डार में बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। आधिकारिक मतदान आंकड़ों के अनुसार शाम 6 बजे तक तीनों नगरीय निकायों में कुल 80,043 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल 1 लाख 16 हजार 487 पंजीकृत मतदाताओं का 68.71 प्रतिशत है।
मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। वरिष्ठ नागरिकों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया, वहीं पहली बार मतदान करने वाले नवमतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। नवमतदाताओं ने पहली बार वोट डालने के अनुभव पर खुशी जाहिर की और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी बताया।
नगरीय निकायवार मतदान की स्थिति के अनुसार, नगर परिषद सवाई माधोपुर में 60 हजार 487 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल 92 हजार 713 मतदाताओं का 65.24 प्रतिशत है। वहीं नगर पालिका बौंली में 9 हजार 594 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल 12,066 मतदाताओं का 79.51 प्रतिशत है।
इसी प्रकार नगर पालिका खण्डार में 9 हजार 962 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल 11 हजार 708 पंजीकृत मतदाताओं का 85.09 प्रतिशत है। इस प्रकार शाम 6 बजे तक खण्डार में सर्वाधिक 85.09 प्रतिशत, बौंली में 79.51 प्रतिशत तथा सवाई माधोपुर नगर परिषद में 65.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस दौरान दिव्यांग मतदाताओं ने भी मतदान केन्द्र पहुंचकर लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई। वहीं मतदान के प्रति उत्साह का उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब एक घायल मतदाता को उसके परिजन एम्बुलेंस वाहन से मतदान केन्द्र लेकर पहुंचे और उसने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, नवमतदाताओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने लोकतांत्रिक पर्व को उत्साहपूर्ण बनाया।
Gangapur, Sawai Madhopur | Sep 9, 2026