*MY Bharat के तत्वावधान में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में "नशामुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान का भव्य आयोजन*
*पूर्वी चंपारण के 30,000 से अधिक युवाओं ने लिया नशामुक्त जिले के निर्माण का संकल्प*
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में MY Bharat, पूर्वी चंपारण द्वारा आज महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी में "नशामुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करना तथा "विकसित भारत 2047" के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के प्राध्यापकगण, शोधार्थी, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से आए विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा अपने जीवन और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायी संबोधन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त भारत अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उपस्थित युवाओं ने उनके संदेश को गंभीरता से सुना और इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सब रजिस्ट्रार श्री दीपक हुडा, श्री अजय कुमार प्रिंस बीडीओ बंजरिया, राजनीतिक विज्ञान विभाग के डॉक्टर नरेंद्र सिंह सोशल वर्क के डॉ अनुपम वर्मा, शिक्षा विभाग के डॉक्टर जुगल कशोर, कंप्यूटर साइंस के विभागाध्यक्ष डॉ अरविंद कुमार शुक्ला, जूलॉजी विभाग के डॉक्टर कुदन कुमार रजक, समाजसेवी रविशंकर जी, अकाउंटेंट रानू कुमारी एवं अन्य अतिथि मौजूद थे कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी सुश्री अंकिता ने स्वागत एवं संबोधन करते हुए कहा कि MY Bharat केवल एक मंच नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराने का आग्रह किया तथा मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न युवा कार्यक्रमों, स्वयंसेवी गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने "नशामुक्त युवा–विकसित भारत" की शपथ ग्रहण करते हुए संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों द्वारा पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
अभियान के अंतर्गत पूर्वी चंपारण जिले के सभी 27 प्रखंडों में भी एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा क्लबों, पंचायतों एवं विभिन्न संस्थानों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिलेभर के 30,000 से अधिक युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ ग्रहण करते हुए "नशामुक्त पूर्वी चंपारण" एवं "विकसित भारत" के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सोशल वर्क के विभागअधक्ष डॉ मृत्युंजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन (Vote of Thanks) प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन इस सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि प्रत्येक युवा नशामुक्त भारत के निर्माण का सक्रिय भागीदार बनेगा तथा पूर्वी चंपारण को पूर्णतः नशामुक्त जिला बनाने के लिए निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाएगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar