प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
11 अगस्त 2026
शीर्षक: अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत बुनियाद केंद्र में लगा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर; डिजिटल साक्षरता सह सुरक्षा सत्र में साइबर फ्रॉड से बचाव के दिए गए टिप्स।
•निष्क्रिय पड़े ‘कल्याण वृद्धजन संघ’ को गति देने हेतु नए डे-केयर सेंटर का हुआ शुभारंभ।•
जमुई : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की 'अटल वयो अभ्युदय योजना' के अंतर्गत आज जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जमुई के द्वारा से बुनियाद केंद्र प्रांगण , खैरा में वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक कल्याण, मानसिक संबल और सामाजिक सुरक्षा को समर्पित एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की इस बहुआयामी पहल में जिले के लगभग 200 वरिष्ठ नागरिकों ने अत्यंत उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया।
इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयोजित व्यापक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बुजुर्गों के लिए डायबिटीज , उच्च रक्तचाप, नेत्र जांच तथा आधुनिक फिजियोथेरेपी की गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही चिकित्सा दल ने वृद्धजनों को मौसमी व्याधियों से बचाव, खान-पान के संतुलन एवं नियमित दिनचर्या से जुड़े बहुमूल्य चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किए।
स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत बुजुर्गों को वर्तमान समय की तकनीकी चुनौतियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एक विशेष डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता सत्र संचालित किया गया। सत्र में विषय-विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया तथा डिजिटल लेनदेन के सुरक्षित तरीकों, बैंक फ्रॉड से बचाव एवं गोपनीय ओटीपी/पिन साझा न करने जैसे अनिवार्य सुरक्षा मानकों की व्यावहारिक जानकारी दी।
इसी क्रम में, वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक जुड़ाव को सुदृढ़ करने हेतु वर्ष 2022 में गठित किंतु वर्तमान में निष्क्रिय पड़े 'कल्याण वृद्धजन संघ' में पुनः नया जीवन फूंकने के उद्देश्य से एक नए डे-केयर सेंटर का शुभारंभ बुनियाद केंद्र खैरा में किया गया। इस दौरान जून 2022 में गठित कल्याण वृद्धजन संघ' के अध्यक्ष श्री बैजनाथ साव को इस संस्था को अविलंब सक्रिय करते हुए बुजुर्गों के कल्याणार्थ दैनिक गतिविधियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का अनुरोध सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, श्रीमती काजोल मोदी द्वारा किया गया । इस अवसर पर उन्होंने रेखांकित किया कि यह संघ वरिष्ठ नागरिकों के सर्वांगीण विकास की दिशा में राज्य सरकार की एक संवेदनशील एवं सकारात्मक पहल है, जिसका सफल संचालन हम सभी का सामूहिक एवं नैतिक उत्तरदायित्व है। आगे उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों को समाज में गरिमापूर्ण स्थान, सर्वांगीण सुरक्षा एवं उनके विधिक अधिकारों की रक्षा हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासनिक प्रयास तभी पूर्णतः फलदायी होंगे जब इसमें समाज और स्वयं वरिष्ठ नागरिकों का सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता प्राप्त होगी।
12 views | Jamui, Bihar | Aug 11, 2026