सितारगंज। सिडकुल स्थित पारले बिस्कुट फैक्ट्री में बोनस न मिलने पर श्रमिकों का आक्रोश, पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कल श्रम विभाग में होगी वार्ता।
आज दिनांक 29 अक्टूबर को सिडकुल स्थित पारले बिस्कुट फैक्ट्री के श्रमिकों ने लंबे समय से बोनस न मिलने की गंभीर शिकायत आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार के समक्ष दर्ज कराई। श्रमिकों की इस समस्या को लेकर पूर्व में ही कंपनी प्रबंधन को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी और दो दिन के भीतर इस मुद्दे पर वार्ता करने का समय मांगा गया था।
निर्धारित दो दिन बीत जाने के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक पहल या वार्ता नहीं की गई। इससे नाराज होकर आज लगभग 11:00 बजे करीब डेढ़ सौ श्रमिक पारले कंपनी की ओर शांतिपूर्ण धरने एवं प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोका गया।
तत्पश्चात, पुलिस अधिकारियों के अनुरोध और मध्यस्थता के बाद कंपनी के मुख्य द्वार पर ही एक सकारात्मक बैठक हुई। कंपनी प्रबंधन द्वारा आश्वासन दिया गया है कि कल (30 अक्टूबर को) रुद्रपुर स्थित श्रम विभाग कार्यालय में इस7 मुद्दे पर त्रिपक्षीय वार्ता की जाएगी।
इसी क्रम में कल सुबह 11:00 बजे श्रमिकों की 5 सदस्यीय कमेटी श्रम विभाग कार्यालय पहुंचकर 2018 के बाद से अब तक का प्रतिवर्ष का बोनस न मिलने और श्रमिकों के साथ हो रहे कथित भेदभाव के खिलाफ अपना पक्ष रखेगी।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने दो टूक कहा कि श्रमिकों के हक और अधिकारों की आवाज को किसी भी कीमत पर दबाने नहीं दिया जाएगा। यदि कल की बैठक में कोई न्यायसंगत समाधान नहीं निकलता है, तो आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा।