गांधी-शास्त्री जयंती पर संतों के सान्निध्य और पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में भीलवाड़ा में रचा इतिहास: विशाल रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 1378 यूनिट रक्त संग्रहित
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के पावन अवसर पर आज रामद्वारा रोड स्थित रामस्नेही वाटिका में विजय इंडिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित विशाल स्वेच्छिक रक्तदान शिविर ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ संपन्न हुआ। संतों के पावन आशीर्वाद और राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री श्री रामलाल जाट के नेतृत्व में आयोजित इस महाशिविर में युवाओं के अभूतपूर्व उत्साह के चलते कुल 1378 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ।
शिविर का शुभारंभ संतों के सानिध्य में बापू और शास्त्री जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान हरि सेवा उदासीन आश्रम के संत मायाराम जी महाराज एवं संत बनवारी शरण जी (काटिया वाले बाबा) ने रक्तदाताओं को अपना पावन आशीर्वाद देते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई मानवीय और आध्यात्मिक धर्म नहीं है। नर सेवा ही सच्ची नारायण सेवा है।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री रामलाल जाट ने कहा कि गांधी और शास्त्री जी के त्याग और सेवा के विचारों को साकार करने का सबसे सशक्त माध्यम पीड़ित मानवता की रक्षा करना है। भीलवाड़ा के युवाओं ने आज रिकॉर्ड 1378 यूनिट रक्तदान कर यह साबित कर दिया है कि सेवा और समर्पण के मामले में वस्त्रनगरी का युवा हमेशा अग्रणी रहता है। एक-एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद परिवार के लिए जीवन की नई किरण बनेगा।
सोसायटी के अध्यक्ष ओम नाराणीवाल ने अपने उद्बोधन में शिविर में पहुंचे सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संस्था के सेवा संकल्पों पर प्रकाश डाला।
सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में रक्त संग्रहण हेतु प्रदेश भर के प्रमुख ब्लड सेंटरों की विशेषज्ञ टीमों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें एसएमएस ट्रॉमा ब्लड सेंटर जयपुर, महाराणा भूपाल ब्लड सेंटर उदयपुर, शेखावाटी ब्लड सेंटर जयपुर, राजधानी ब्लड सेंटर जयपुर, महात्मा गांधी अस्पताल ब्लड सेंटर भीलवाड़ा, रामस्नेही अस्पताल ब्लड सेंटर, अरिहंत अस्पताल ब्लड सेंटर, पोरवाल अस्पताल ब्लड सेंटर, केशव ब्लड सेंटर देवली, भीलवाड़ा ब्लड सेंटर एवं कोटड़ी श्याम ब्लड सेंटर की टीमों ने पूर्णतः सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में कुल 1378 यूनिट रक्त संग्रहित किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया, साथ ही पौष्टिक अल्पाहार की समुचित व्यवस्था रही।
इस अवसर पर हगामी लाल मेवाड़ा, कैलाश व्यास, राजेंद्र त्रिवेदी, नरेन्द्र रेगर, वैद्य हंसराज जाट. चेतन पेशवानी, ईश्वर खोईवाल, महेश सोनी, गजमल जाट, चेतन डीडवानिया, प्रद्युम्न सिंह, गोविंद गुर्जर, रमेश सेन, लखन काकानी, प्रकाश जाट, प्रति काकानी, बाबू लाल माली,, ओम प्रकाश तेली, राजू डीडवानिया, इशाक मोहम्मद सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
अंत में संस्था की ओर से पधारी हुई सभी ब्लड बैंक टीमों, प्रशासनिक अमले, प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों और विशेष रूप से सभी रक्तदाताओं का आभार ज्ञापित किया गया।