#दुर्गा #पूजा व #दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा
दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय थाना सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत कोतवाल हरिशंकर सिंह ने की।
बैठक में नगर में बिजली, सड़क, साफ-सफाई, पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, पैदल गश्त सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने अपनी मांगें और सुझाव रखे। पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान आपसी सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
नवागत कोतवाल हरिशंकर सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान हमें एक-दूसरे की व्यवस्था और परिस्थितियों को समझते हुए कार्य करना चाहिए। यदि हम स्वयं को दूसरे की जगह रखकर उसके दर्द और परेशानी को समझें तथा उसी भावना के साथ काम करें तो किसी भी समस्या का समाधान आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की।