कल्हेल हत्याकांड पर गरमाई सियासत, भाजपा नेता नरेश रावत ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
सुरेंद्र ठाकुर / Pangi Live News
चंबा/चुराह 16 जून
चुराह विधानसभा क्षेत्र के कल्हेल में दो दिन पहले हुए चर्चित हत्याकांड को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। एक ओर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं दूसरी ओर मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर उपमंडल मुख्यालय चुराह के मुख्य बाजार में चक्का जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इसी बीच भाजपा नेता नरेश रावत ने मीडिया से बातचीत में घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चुराह क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के पीछे के कारणों और कानून व्यवस्था की स्थिति की गंभीरता से समीक्षा की जानी चाहिए।
नरेश रावत ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। दूसरी ओर मृतक के परिजन दोषियों को सख्त सजा मिलने तक अपनी आवाज बुलंद रखने की बात कह रहे हैं।
Chamba, Chamba | Jun 16, 2026