कचरे का सही पृथक्करण स्वच्छ व स्वस्थ शहर की आधारशिला - दुर्गेश
निगम की टीम ने छात्राओं को पांच प्रकार से कचरा पृथक्करण की दी जानकारी
जगाधरी। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम द्वारा एक सोच नई सोच के सहयोग से हिन्दू गर्ल्स कॉलेज जगाधरी में चल रहे भारत निर्माण शिविर के 22वें दिन स्रोत पर पांच प्रकार से कचरा पृथक्करण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन शहरी के आईईसी विशेषज्ञ ने सोशल इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों घरों से निकलने वाले कचरे का पांच प्रकार में पृथक्करण करने की जानकारी दी गई। उन्हें गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के साथ-साथ घरेलू जोखिमयुक्त कचरा, सेनेटरी कचरा तथा ई-वेस्ट को निर्धारित श्रेणियों में अलग संग्रहित करने के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, स्वच्छता नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
दुर्गेश कुमार ने कहा कि स्रोत पर कचरे का सही पृथक्करण स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर की आधारशिला है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर से ही कचरे का पृथक्करण करना शुरू कर दे तो कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में एक सोच नई सोच संस्था के संस्थापक शशि गुप्ता ने विद्यार्थियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्था की प्रतिनिधि पूजा, कंसल्टेशन सुपरवाइजर शुभम, गगन आदि उपस्थित रहे।
फोटो - हिंदू गर्ल्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते स्वच्छ भारत मिशन के आईईसी विशेषज्ञ दुर्गेश।