बिजली के खंभे में उतरे करंट से घोड़े की मौत, चालक भी करंट की चपेट में आया
बड़ौत। बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक घोड़े की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि घोड़े का चालक भी करंट की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह चालक को बचाया।
जानकारी के अनुसार जोड़ी गांव निवासी शमशाद बड़ौत की नवीन मंडी से सब्जी लेकर घोड़ा-बोगी से वापस आ रहा था। रास्ते में अतिथि भवन के पास दुर्गा जूस वाले की दुकान के निकट बिजली के खंभे से जुड़े लोहे के चैनल में करंट उतर रहा था। जैसे ही घोड़े ने चैनल पर पैर रखा, उसे तेज करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में चालक शमशाद को भी करंट लगा, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने बचाया।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी करंट लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन विद्युत विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।
बड़ौत श्रमिक एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार वर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि शमशाद बेहद गरीब है और घोड़ा-बोगी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मृत घोड़े की कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है। उन्होंने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की कि बिजली विभाग की लापरवाही से हुई इस घटना की जांच कराकर पीड़ित शमशाद को उचित मुआवजा दिलाया जाए तथा मौके पर विद्युत सुरक्षा की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए।
मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के एसडीओ आशुतोष ने बताया कि वह मौके पर पहुंचे हैं। घोड़े को हटाने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Baraut, Bagpat | Aug 22, 2026