*पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश पर मुकदमा दर्ज: सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर व्यापारी ने की आत्महत्या*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 23 जून 2026*
मामले को लेकर व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक बस्ती यशवीर सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर जगदीश अग्रहरि संत कुमार कसौधन, संजय अग्रहरि, आकाश कसौधन, अजीत अग्रहरि, सौरभ गुप्ता, रविन्द्र कश्यप, पवन अग्रहरि, दुर्गा चौरसिया, महेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी साथी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना मुण्डेरवा में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ।
जनपद बस्ती में सूदखोरी और अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुँडेरवा थाना क्षेत्र में सूदखोरों की लगातार धमकी, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक व्यापारी ने आत्महत्या कर ली। पीड़ित परिवार न्याय के लिए *पुलिस अधीक्षक बस्ती के कार्यालय पहुंचा, जिसके बाद एसपी बस्ती के आदेश पर थाना मुँडेरवा में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर रेवती, थाना मुँडेरवा निवासी स्व0 उमेश चंद्र अग्रहरी ने वर्ष 2023 में गंगा सिंह उर्फ लोटन पुत्र चंद्रप्रकाश से ₹14 लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। मृतक के पुत्र राहुल अग्रहरी का आरोप है कि समय-समय पर मूलधन और ब्याज के रूप में ₹45 लाख रुपये चुका देने के बावजूद आरोपी गंगा सिंह उर्फ लोटन व उसके चचेरे भाई अमित सिंह उर्फ बबलू पुत्र जानकी लगातार अधिक धन की मांग कर रहे थे।
आरोपियों द्वारा मृतक के मोबाइल पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी दबाव और तनाव के चलते *दिनांक 21.06.2026 को प्रातः लगभग 06:30 बजे* उमेश चंद्र अग्रहरी ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतक के कपड़ों से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें गंगा सिंह उर्फ लोटन का नाम अंकित है। परिजनों ने बताया कि आरोपी दबंग व आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पीड़ित पुत्र राहुल अग्रहरी ने सभी ऑडियो रिकॉर्डिंग व अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना मुँडेरवा में *मु0अ0सं0 0170/2026 धारा 108, 352, 351(3) BNS* के तहत गंगा सिंह उर्फ लोटन व अमित सिंह उर्फ बबलू, निवासीगण ग्राम रामपुर रेवती के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने, अवैध सूदखोरी व आपराधिक धमकी का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उ0नि0 अमरनाथ यादव को सौंपी गई है।
*संवाददाता*
*हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक 'कौटिल्य का भारत'*
Basti, Basti | Jun 23, 2026