लोहाघाट के सुई क्षेत्र में गुलदार के हमले में बालक की मौत के बाद वन विभाग ने निगरानी और सुरक्षा अभियान तेज किया है। क्षेत्र में 15 सदस्यीय टीम नियमित गश्त कर रही है। गुलदार को पकड़ने के लिए छह पिंजरे लगाए गए हैं, जबकि 20 ट्रैप कैमरों, लाइव कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। वन विभाग के मुताबिक वर्तमान में आबादी क्षेत्र के आसपास गुलदार की मौजूदगी दर्ज नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि चार नवंबर 2026 को ग्राम सुई में गुलदार के हमले में एक बालक की मौत के बाद से वन विभाग नियमित गश्त कर रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तैनात 15 सदस्यीय टीम में दो ट्रैंकुलाइजिंग टीमें भी शामिल हैं। इनमें एक टीम का नेतृत्व नैनीताल में कार्यरत वरिष्ठ पशु चिकित्सक कर रहे हैं, जबकि दूसरी टीम वन दरोगा अजय दीप टम्टा के नेतृत्व में काम कर रही है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दूरबीन, ट्रैप कैमरों, लाइव कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।