राजनांदगांव। गैंदाटोला की शासकीय हायर सेकेंडरी की छात्राएं वहां के एक शिक्षक की छेड़खानी से परेशान हैं। एक आदिवासी छात्रा द्वारा की गई शिकायत के बाद चार दिनों तक समझौते और मान-मनौव्वल के बाद शुक्रवार को देर रात आरोपित शिक्षक तिलक यदु के विरूद्ध अंतत: अपराध दर्ज कर लिया गया।
इस बीच उक्त शिक्षक ने थाना स्टाफ के साथ ही क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों को मध्यस्थ बनाकर माफी मांगी और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की गारंटी भी दी, लेकिन कार्रवाई पर अड़ी एक छात्रा की जिद के बाद आखिरकार पुलिस को एफआइआर लिखनी पड़ी। पुलिस ने शिक्षक के साथ ही उसके सहयोगी रमीज कुरैशी के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।