आकांक्षी विकासखंड बजाग में सिकल सेल पीयर सपोर्ट ग्रुप की समीक्षा बैठक, जनजातीय परिवारों के बच्चों को मिला विशेष लाभ
डिंडौरी के आकांक्षी विकासखंड बजाग में सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित जनजातीय परिवारों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बजाग में सिकल सेल पीयर सपोर्ट ग्रुप की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में कुल 19 सिकल सेल योद्धा शामिल हुए, जिनमें अधिकांश 15 वर्ष से कम उम्र के बैगा एवं गोंड जनजातीय परिवारों के बच्चे थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आदिवासी बाहुल्य बजाग ब्लॉक में सिकल सेल रोगियों को जागरूक करना और समय पर उपचार सुनिश्चित करना था।
इस दौरान 02 सिकल सेल योद्धाओं को गंभीर संक्रमण से बचाव के लिए PCV-13 एवं PPSV-23 का टीकाकरण लगाया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन राजपूत ने विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया।
बैठक में सिकल सेल रोग की सामान्य जानकारी, निर्जलीकरण के कारण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनजातीय क्षेत्रों में पानी की कमी और पोषण की समस्या को देखते हुए निर्जलीकरण से बचाव के उपाय भी बताए गए। आवश्यकतानुसार सभी सिकल योद्धाओं का CBC, HB, वजन आदि की जांच की गई।
इस अवसर पर डॉ. विपिन राजपूत, बीपीएम लल्ला जी, सीएचओ निशा रावटे, सीएचओ राखी सगीता एवं एक एएनएम उपस्थित रहीं। सभी ने जनजातीय मरीजों व उनके परिजनों को सिकल सेल प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक स्वास्थ्य जानकारियां दीं।
बैठक का सफल आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति बजाग एवं जन स्वास्थ्य सहयोग, गनियारी के कॉउंसलर ईश्वर मोहले व अजीत परस्ते के सहयोग से किया गया।
डॉ.विकास जैन,एबीएफ नीति आयोग ने बताया कि बजाग को नीति आयोग द्वारा ‘आकांक्षी ब्लॉक’ घोषित किया गया है। यहां बड़ी संख्या में बैगा जनजाति निवास करती है, जिनमें सिकल सेल एनीमिया का प्रसार अधिक है। ऐसे में समय-समय पर पीयर सपोर्ट मीटिंग के माध्यम से आदिवासी परिवारों को जोड़कर बीमारी के प्रति जागरूकता और उपचार दोनों सुनिश्चित किए जा रहे हैं। यह अभियान जनजातीय बच्चों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में अहम कदम है।
#anjupavanbhadiriya #dindori #JansamparkMP
Dindori, Madhya Pradesh | Jun 24, 2026