सीधी में निजी अस्पतालों की मनमानी पर CMHO का आधी रात को बड़ा छापा! जिला चिकित्सालय के ठीक सामने त्रिवेणी हॉस्पिटल में डॉक्टर मिले नदारद, दस्तावेज भी नहीं दिखा पाया प्रबंधन,
जिला चिकित्सालय के सामने संचालित अस्पताल में औचक निरीक्षण के दौरान उजागर हुईं कई गंभीर खामियां; रजिस्ट्रेशन में दर्ज तीन चिकित्सकों में से एक भी मौके पर नहीं मिला, सीएमएचओ ने दस्तावेज पेश करने जारी किया पत्र,अब जिले के प्रायवेट अस्पताल में मचा हड़कम्प
तलाश न्यूज सीधी,
सीधी जिले में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी पर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। शासन के निर्धारित नियमों और स्वास्थ्य विभाग के मापदंडों के अनुरूप अस्पतालों का संचालन हो रहा है या नहीं, इसकी हकीकत जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बीती रविवार देर रात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अशोक कुमार खरे ने जिला चिकित्सालय के सामने संचालित त्रिवेणी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो स्थिति सामने आई, उसने निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।
सूत्रों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में एक भी चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। इतना ही नहीं, अस्पताल में उपलब्ध आवश्यक दस्तावेजों की मांग किए जाने पर मौके पर मौजूद कर्मचारी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कर्मचारियों ने दस्तावेज लॉकर में रखे होने की बात कही। सवाल यह है कि जब अस्पताल में देर रात मरीजों के उपचार की व्यवस्था संचालित होने का दावा किया जाता है, तो आखिर चिकित्सक मौके से नदारद क्यों थे? क्या बिना चिकित्सक की मौजूदगी में मरीजों का उपचार किया जा रहा था?
रजिस्ट्रेशन में तीन डॉक्टर, लेकिन मौके पर एक भी नहीं!
निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर सवाल अस्पताल के पंजीयन और वास्तविक व्यवस्थाओं को लेकर सामने आया। बताया जा रहा है कि अस्पताल के रजिस्ट्रेशन में तीन चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ का उल्लेख किया गया है, लेकिन निरीक्षण के समय इनमें से कोई भी मौके पर मौजूद नहीं मिला। यदि पंजीयन में दर्ज चिकित्सक और स्टाफ अस्पताल में उपलब्ध नहीं हैं, तो मरीजों को आपातकालीन स्थिति में उपचार कौन उपलब्ध करा रहा है? यह जांच का गंभीर विषय है।
लिफ्ट नहीं, सीढ़ियों पर रेलिंग तक गायब!
अस्पताल की भौतिक व्यवस्थाओं में भी गंभीर कमियां सामने आने की जानकारी मिली है। अस्पताल तक पहुंचने के लिए लिफ्ट जैसी सुविधा नजर नहीं आई। वहीं मरीजों के आवागमन के लिए उपयोग की जा रही सीढ़ियों के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग तक नहीं लगी होने की बात सामने आई है। ऐसे में बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और चलने-फिरने में असमर्थ लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
CMHO के पत्र से निजी अस्पतालों में मचा हड़कंप
निरीक्षण के बाद सोमवार को सीएमएचओ कार्यालय की ओर से अस्पताल प्रबंधन को पत्र जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अब अस्पताल प्रबंधन को यह स्पष्ट करना होगा कि पंजीयन के दौरान प्रस्तुत की गई जानकारी और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं में अंतर क्यों दिखाई दिया। यदि निर्धारित दस्तावेज और संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ की इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य निजी अस्पतालों में भी हलचल तेज होने की चर्चा है। अब सवाल केवल त्रिवेणी हॉस्पिटल का नहीं, बल्कि जिले में संचालित उन सभी निजी अस्पतालों का है, जहां मरीजों से उपचार के नाम पर शुल्क तो लिया जाता है, लेकिन शासन के निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी नियमित जांच कितनी प्रभावी है?
अब कागजी पंजीयन नहीं, जमीन पर व्यवस्था दिखानी होगी!
निजी अस्पतालों में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीज और उनके परिजन अस्पताल प्रबंधन पर भरोसा करके अपनी जान और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सौंपते हैं। ऐसे में चिकित्सकों की अनुपस्थिति, आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर उपलब्ध न होना और सुरक्षा व्यवस्थाओं में कथित कमियां बेहद गंभीर विषय हैं। स्वास्थ्य विभाग को केवल पत्र जारी करने तक सीमित न रहकर जांच पूरी कर नियमानुसार ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि मरीजों की जिंदगी के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।
इनका कहना है
"बीती रात त्रिवेणी हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर एक भी डॉक्टर नहीं मिला। इस तरह की मनमानी नहीं चलेगी। अस्पताल प्रबंधन को पत्र जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।"
डॉ. अशोक खरे
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), सीधी