राजगढ़ के शिरगुल देवता मंदिर में नवचंडी पाठ संपन्न
नौ दिनों तक चला धार्मिक अनुष्ठान, हवन-यज्ञ के बाद हुआ कन्या पूजन
राजगढ़ के प्राचीन शिरगुल देवता मंदिर में शारदीय नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक चले नवचंडी पाठ का नवमी पर विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ किया गया। इसके बाद कन्या पूजन और साधु-संतों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
शिरगुल देवता मंदिर समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में तीन ब्राह्मणों ने नौ दिनों तक विधि-विधान से नवचंडी पाठ किया। नवमी के दिन हवन-यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद कन्या पूजन कर भोजन करवाया गया और साधु-संतों को भी भोजन कराया गया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने बताया कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की धार्मिक आस्था और प्राचीन परंपराओं को संजोए रखने में मदद मिलती है।
नवचंडी पाठ की पूर्णाहुति के साथ मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।