खनन से भरे ओवरलोड डंपर ने भैंसा-बोगी को मारी टक्कर, नहर में गिरी बोगी
अवैध खनन परिवहन पर उठे सवाल, चेक पोस्टों की भूमिका पर भी चर्चा तेज
बेहट/सहारनपुर। क्षेत्र में अवैध खनन एवं ओवरलोड परिवहन का खेल लगातार जारी है। ताजा मामले में खनन सामग्री से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर चल रही भैंसा-बोगी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे भैंसा-बोगी अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर में खनन सामग्री भरी हुई थी और वह तेज गति से गुजर रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भैंसा-बोगी सीधे नहर में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह पशुओं एवं बोगी को बाहर निकालने का प्रयास किया।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि मीडिया द्वारा लगातार खबरें प्रकाशित और प्रसारित किए जाने के बावजूद अवैध खनन एवं ओवरलोड वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। लोगों का कहना है कि विभिन्न चेक पोस्टों के सामने से रोजाना खनन सामग्री से भरे डंपर गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी एवं अमीन आंखें मूंदे बैठे दिखाई देते हैं।
इस घटना के बाद एक बार फिर अवैध खनन परिवहन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई तथा अवैध खनन परिवहन पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।
@topfans Imran Masood Naresh Saini District Magistrate Saharanpur #vairalpost #imranmasood #dmsaharanpur #News7 #thesaharanpurvoice #overlodvahan #khananvahan