सोन नगर रेलवे अंडरपास की समस्या को लेकर विधायक चेतन आनंद ने की पहल, रेल मंत्री से भी हुई बातचीत।
#aaptaknewspoint1 #BiharNews #JDU #ChetanAnand #barun #aurangabad
नबीनगर। नबीनगर विधानसभा क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर नबीनगर के विधायक श्री चेतन आनंद ने 30 सितंबर 2026 को रेलवे बोर्ड के मेम्बर एवं IRTS अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह से विशेष मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में रेलवे से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। खास तौर पर सोन नगर रेलवे अंडरपास की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
मुलाकात के दौरान विधायक ने सोन नगर रेलवे अंडरपास की मौजूदा स्थिति और इससे आम लोगों को होने वाली परेशानियों से अधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अंडरपास से आवागमन करने वाले लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने संबंधित स्तर पर आवश्यक सर्वे कराने तथा तकनीकी रूप से उचित उपाय तलाशने का आग्रह किया, ताकि जल्द से जल्द समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई की जा सके।
बताया गया कि सोन नगर रेलवे अंडरपास की समस्या की गंभीरता को देखते हुए इस मामले को रेल मंत्रालय के स्तर पर भी संज्ञान में लिया गया। इसके बाद रेल मंत्रालय की ओर से विधायक से फोन पर संपर्क किया गया। इस दौरान विधायक श्री चेतन आनंद की केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से दूरभाष पर विस्तृत बातचीत हुई।
बातचीत के दौरान विधायक ने सोन नगर रेलवे अंडरपास की समस्या से रेल मंत्री को अवगत कराते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग रखी। रेल मंत्री की ओर से समस्या के निवारण के लिए आवश्यक पहल करने और जल्द समाधान का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई है।
विधायक की ओर से रेलवे बोर्ड के अधिकारी से मुलाकात से लेकर रेल मंत्री के स्तर तक समस्या को उठाए जाने के बाद क्षेत्रवासियों को इस समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तकनीकी सर्वे और आवश्यक कार्यवाही जल्द शुरू होती है तो सोन नगर रेलवे अंडरपास से जुड़ी लंबे समय से चली आ रही परेशानी का समाधान संभव हो सकेगा।
विधायक द्वारा इस मुद्दे को रेलवे के उच्च अधिकारियों और रेल मंत्रालय के समक्ष रखने से यह मामला अब उच्च स्तर पर पहुंच गया है। क्षेत्रवासियों की नजर अब रेलवे की ओर से होने वाले सर्वे और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।