राष्ट्रपति दौरे से पहले बिलासपुर-रोपड़ प्रशासन ने आनंदपुर साहिब हेलीपैड का किया निरीक्षण: डीसी राहुल
श्री नैना देवी जी, 30 सितंबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 6 अक्तूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर और रोपड़ जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आनंदपुर साहिब स्थित हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान सहित दोनों जिलों के संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हेलीपैड परिसर का निरीक्षण करते हुए राष्ट्रपति दौरे से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आवागमन, बैरिकेडिंग और संचार व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों जिलों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने पर जोर दिया।
इसके बाद बिलासपुर प्रशासन और पुलिस की टीम ने टोबा से श्री नैना देवी मंदिर परिसर तक विभिन्न स्थानों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सड़क मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों के तहत आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों में आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित समय में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा।
उपायुक्त ने श्री नैना देवी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी प्रबंध सुचारु रूप से संचालित किए जा सकें।
-
Dharmpur, Mandi | Sep 30, 2026