फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर फोन करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
आरोपी ने स्वयं को बताया था हिमाचल-प्रदेश पुलिस का अधिकारी।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 26 जुलाई । 25 जुलाई को प्रबंधक थाना डीएलएफ सैक्टर-29, गुरुग्राम के सरकारी मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी चंदन सिंह बताते हुए कहा कि मेगा मॉल स्थित एक शोरूम की बिजली तत्काल चालू करवाई जाए। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताते हुए कार्रवाई के लिए दबाव बनाया तथा डीजीपी स्तर का हवाला भी दिया। मामले में संदेह होने पर थाना प्रबंधक द्वारा तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच करवाई गई। जांच में पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति हिमाचल प्रदेश पुलिस का अधिकारी नहीं, बल्कि करण कुमार सकूजा है, जिसने अपनी पत्नी की दुकान की बिजली कटने के संबंध में स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर फोन किया था। सरकारी अधिकारी के नाम व पद का गलत उपयोग करने पर आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना डीएलएफ सैक्टर-29, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
थाना डीएलएफ सैक्टर-29, गुरुग्राम कितनी टीम में कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी को 25 जुलाई को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान करण कुमार सकूजा (उम्र-30 वर्ष) निवासी नेब सराय, दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी की पत्नी की मॉल में दुकान है जिसकी लाइट मॉल प्रबंधन ने काट ली थी जिसको चालू करवाने के लिए आरोपी ने उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम दिया।
अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।