अररिया, 16 जुलाई 2026
जिलाधिकारी ने भू-अर्जन मुआवजा भुगतान कैंप, धान रोपनी एवं तटबंध क्षेत्र का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास कार्यों, कृषि गतिविधियों एवं बाढ़ सुरक्षा से संबंधित तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय इटहरी में आयोजित भू-अर्जन मुआवजा भुगतान कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप में उपस्थित अधिकारियों से मुआवजा वितरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा लाभुकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र रैयतों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने फारबिसगंज प्रखंड के सिरसिया पहुंचकर किसानों द्वारा की जा रही धान रोपनी का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर कृषि कार्यों एवं सिंचाई की उपलब्धता की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कोसी–मेची परियोजना अंतर्गत बथनाहा के भदेसर क्षेत्र का भी भ्रमण किया। यहां सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने परियोजना से संबंधित कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी ने परियोजना से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मीरगंज क्षेत्र में परमान नदी के कटाव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी की वर्तमान स्थिति, कटाव की संभावना तथा बाढ़ सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि संभावित बाढ़ एवं कटाव से जन-धन की सुरक्षा की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन मानसून एवं बाढ़ के मद्देनजर पूरी तरह सतर्क है। विकास कार्यों, किसानों के हितों तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
15 views | Araria, Bihar | Jul 16, 2026