गैनाणी का पानी खेत में घुसा, फसल खराब !
समय रहते समाधान नहीं हुआ तो हादसे की आशंका, प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं
चूरू। भानीनाथ आश्रम के पास गैनाणी की सप्लाई पाइपलाइन से पानी बाहर निकलने के कारण आसपास के क्षेत्र में गंदा पानी फैल गया। पानी खेत में घुसने से देवनाथ के खेत में खड़ी फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की आशंका हो गई। खेत में पानी भरने के साथ आसपास के क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार रविवार रात देवनाथ के खेत में दो मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में गैनाणी का पानी आते देखा और इसकी सूचना आश्रम में देवनाथ महाराज को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पानी को रोकने का प्रयास किया गया।
आश्रम के कमलनाथ ने बताया कि पाइपलाइन से पानी फैलने की समस्या के संबंध में प्रशासन और नगर परिषद को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से पाइपलाइन की समस्या का स्थायी समाधान करवाने तथा खेतों में हुए नुकसान का जायजा लेने की मांग की है।
#tharkiawaazajay #churu #nagarparishad #ChuruNews #sherugoyanka
Churu, Churu | Sep 28, 2026