सूर्य मंदिर में युवक-युवती ने रचाई शादी, परिजनों की सहमति से हुआ विवाह
हसपुरा की युवती और अरवल के युवक का सूर्य मंदिर में संपन्न हुआ विवाह, मौके पर पहुंची 112 पुलिस
औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र स्थित देवहरा सूर्य मंदिर में मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे एक युवक और युवती का विवाह संपन्न कराया गया। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और आपसी सहमति से शादी करने के लिए तैयार थे। बाद में दोनों पक्षों के परिजनों की सहमति से मंदिर में विवाह कराया गया।
जानकारी के अनुसार, युवती हसपुरा थाना क्षेत्र के पथरौल गांव की रहने वाली है, जबकि युवक अरवल जिले के करपी गांव का निवासी बताया जा रहा है। बताया गया कि युवक रात के समय युवती के घर उससे मिलने पहुंचा था। इसके बाद दोनों के परिजनों को मामले की जानकारी हुई और परिवार की सहमति से दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया गया।
परिजनों की सहमति के बाद मंगलवार की अहले सुबह दोनों को देवहारा स्थित सूर्य मंदिर ले जाया गया, जहां विवाह की रस्में पूरी की गईं। मंदिर परिसर में युवक-युवती के विवाह को लेकर कुछ समय तक लोगों की मौजूदगी बनी रही।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद जब युवती को अपने साथ ले जाने की बात आई तो युवक ने कहा कि वह दशहरा के समय युवती को अपने साथ लेकर जाएगा। इसी बात को लेकर मौके पर कुछ देर तक स्थिति बनी रही। मामले की सूचना मिलने के बाद किसी व्यक्ति द्वारा डायल 112 पर जानकारी दी गई।
Rafiganj, Aurangabad | Sep 29, 2026