छपरा सदर अस्पताल रोड की बदहाल व्यवस्था और मरीजों की सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क, ड्रेनेज और पार्किंग व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल के लिए चिन्हित पार्किंग क्षेत्र को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सदर अस्पताल रोड का शीघ्र जीर्णोद्धार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और निर्माण के दौरान बेहतर ट्रैफिक प्लानिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों और अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर और उससे जुड़ी आधारभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी आवश्यक कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
Chapra, Saran | Jul 8, 2026