जिला पंचायत सीईओ की संवेदनशील पहल से पांच अनाथ बच्चों को मिला आधार कार्ड
शिक्षा और योजनाओं का खुला रास्ता
जिला स्तरीय जनसुनवाई में 192 आवेदनों पर हुई सुनवाई
----------
जिले में संवेदनशील प्रशासन और मानवीय पहल की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया की सक्रिय पहल से गौरिहार तहसील के ग्राम करहरी (पोस्ट मुड़हरा) निवासी एक ही परिवार के पांच अनाथ एवं बेसहारा बच्चों के आधार कार्ड बनवाए गए। इसके साथ ही अब बच्चों के लिए शिक्षा, छात्रवृत्ति और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
माता-पिता के निधन के बाद पहचान संबंधी दस्तावेजों के अभाव में ये बच्चे लंबे समय से सरकारी सुविधाओं से वंचित थे। समस्या से परेशान होकर बच्चों के दादा जिला स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचे और जिला प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। UIDAI राज्य कार्यालय, भोपाल के मार्गदर्शन में जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस राहुल तिवारी के माध्यम से बच्चों के बड़े पापा को कानूनी अभिभावक घोषित कराने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। चूंकि आधार पंजीयन के लिए सामान्यतः माता-पिता का आधार और बायोमेट्रिक आवश्यक होता है, इसलिए इस विशेष मामले में बाल कल्याण समिति (CWC) के माध्यम से कानूनी अभिभावक का प्रमाण-पत्र जारी कराया गया।
इसके बाद सभी पांच बच्चों का आधार पंजीयन कराया गया तथा आवश्यक जानकारी UIDAI के क्षेत्रीय निदेशक को भेजी गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए UIDAI ने बच्चों के आधार कार्ड जारी कर दिए।
आधार कार्ड जारी होने के बाद जिला पंचायत सीईओ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बच्चों एवं उनके चाचा से संवाद किया और उन्हें आधार कार्ड उपलब्ध कराए।
जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र बच्चों को मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना सहित शिक्षा एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।
आधार कार्ड मिलने पर बच्चों के बड़े पापा ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि छतरपुर जिले में अनाथ बच्चों के लिए बाल कल्याण समिति के माध्यम से कानूनी अभिभावक घोषित कर आधार कार्ड बनवाने की यह पहल लगातार सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है, जिससे ऐसे बच्चों को समय पर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।