कैमूर जिले में जन-संवाद कार्यक्रमों का आयोजन: जिला जनता का दरबार में प्राप्त 21 आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जिला प्रशासन द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैमूर जिले के सभी कार्यालयों में जन-संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के जनता का दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 (इक्कीस) आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी प्राप्त मामलों का संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।
जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण पंचायतों तक सभी विभागीय पदाधिकारियों ने क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा आम नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं व शिकायतें सुनीं।
ऑनलाइन पोर्टल पर किये गए प्रविष्टि के अनुसार आज अब तक जिला मुख्यालय स्तर पर कुल 12 अधिकारियों ने 6 नागरिकों के साथ संवाद स्थापित किया।
जिले के कुल 11 प्रखण्डों में 20 अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहाँ 68 नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अभियान का उद्देश्य सरकारी तंत्र को सीधे जनता के द्वार तक ले जाना है।
जिला नोडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इन मुलाकातों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी और विकास योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाया जा सके।
जनता का दरबार के दौरान अभियान बसेरा-2 से संबंधित 18 फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन एवं सुयोग्य श्रेणी के परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने लाभुकों को आवश्यक प्रक्रिया एवं प्रमाण-पत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने अभियान बसेरा-2 के लाभुकों से अपील की कि भूमि बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र संबंधित अंचल कार्यालय में ही उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए लाभुकों को किसी राज्य स्तरीय कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने अपर समाहर्ता एवं सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान बसेरा-2 के लाभार्थियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उनके बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र का निर्गमन अंचल कार्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित करें, ताकि लाभुकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
Mohania, Kaimur | Sep 21, 2026