उप-रोजगार कार्यालय भरमौर में कैंपस इंटरव्यू, 9 में से 8 युवाओं का चयन.
SIS कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पदों पर होगी भर्ती, युवाओं को रोजगार का अवसर
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
उप-रोजगार कार्यालय भरमौर में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। जिला रोजगार कार्यालय बालू (चंबा) के माध्यम से आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 9 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 8 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
यह कैंपस इंटरव्यू सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (SIS), आरटीए हमीरपुर की ओर से आयोजित किया गया। कंपनी द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के कुल 100 पदों को भरा जाना है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
भर्ती के लिए निर्धारित पात्रता
कंपनी की ओर से निर्धारित पात्रता मानदंडों के अनुसार अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास (मैट्रिक) होनी चाहिए। आवेदन करने वाले युवाओं की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। इसके अलावा न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर तथा वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच होना आवश्यक है।
कैंपस इंटरव्यू में 9 में से 8 युवाओं का चयन होना क्षेत्र के युवाओं के लिए उत्साहजनक है। रोजगार विभाग की ओर से इस तरह के कैंपस इंटरव्यू आयोजित करवाकर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
Dharwala, Chamba | Nov 4, 2026