जनपद जालौन में एक ही घर के दो परिवारों को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवर और नकदी चोरी
जालौन। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम निनावली जागीर में शनिवार रात चोरों ने एक ही घर में रहने वाले दो परिवारों के यहां बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी वीरसिंह और उनके भतीजे विपिन के मकानों को चोरों ने निशाना बनाया। विपिन के कमरे की टीनशेड हटाकर अंदर घुसे बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। इसके बाद वीरसिंह के कमरे की खिड़की का जंगला हटाकर बक्से में रखे सोने की जंजीर, अंगूठी, चूड़ियां, चांदी की पायल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
वारदात के समय वीरसिंह छत पर और विपिन घर के बाहर सो रहे थे। सुबह करीब पांच बजे कमरे का सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि एक ही घर के दो परिवारों के यहां चोरी की सूचना मिली है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Orai, Jalaun | Jul 12, 2026