*आई.पी.सी. बैंक की 110वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न*
इंदौर, 21 अगस्त 2026
इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, इंदौर की 110वीं वार्षिक साधारण सभा आज 21 अगस्त 2026 को बैंक के प्रशासकीय कार्यालय, 24 महारानी रोड, इंदौर स्थित सभागृह में सम्पन्न हुई। सभा में बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री उमानारायण पटेल, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री सुहास पत्रं तथा अपेक्स बैंक के संभागीय शाखा प्रबंधक श्री गणेश यादव उपस्थित रहे।
बैंक के प्रशासक एवं उपायुक्त सहकारिता डॉ. मनोज जायसवाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन में बैंक की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आलोक कुमार जैन ने बैंक के वित्तीय वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बैंक ने अपने कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2025-26 में बैंक का कुल व्यवसाय 2,427 करोड़ रुपये रहा। बैंक की अंशपूंजी वर्ष 2024-25 में 99.82 करोड़ रुपये की तुलना में बढ़कर वर्ष 2025-26 में 103.20 करोड़ रुपये हो गई है। यह बैंक की सुदृढ़ आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। इसी प्रकार बैंक की कार्यशील पूंजी भी निरंतर बढ़ी है। वर्ष 2024-25 में 2,085.84 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2,189.99 करोड़ रुपये हो गई। बैंक के कारोबार में हुई वृद्धि से आम जनता में बैंक के प्रति बढ़ते विश्वास एवं प्रतिष्ठा का पता चलता है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि समस्त आवश्यक प्रावधानों एवं आयकर की देयताओं की अदायगी के पश्चात बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 9.68 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वहीं, 30 जून 2026 की स्थिति में बैंक की वसूली का प्रतिशत लगभग 76.58 प्रतिशत रहा।
कार्यक्रम के दौरान बैंक की विभिन्न शाखाओं एवं संबद्ध प्राथमिक कृषि सहकारी साख संस्थाओं को अमानत संग्रहण, ऋण वसूली, ऋण वितरण सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #CooperativeBanking
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
49 views | Indore, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026