बाजपुर न्यूज
हल्द्वानी रामलीला मंच शुद्धिकरण को जातिगत रंग देने के आरोप पर भाजपा एससी मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका
धर्म और आस्था का सम्मान हो, जातिगत राजनीति का विरोध—यशपाल राजहंस
बाज़पुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए मंच शुद्धिकरण प्रकरण को जातिगत रंग देने के आरोपों को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने बाज़पुर में जोरदार प्रदर्शन किया। नगर मंडल बाज़पुर के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भगत सिंह चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष यशपाल राजहंस ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषय को जातिगत राजनीति से जोड़ना समाज को बांटने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि रामलीला मंच की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं की रक्षा के लिए किए गए शुद्धिकरण एवं हवन में हिंदू समाज के दलित युवा भी शामिल थे। ऐसे में पूरे प्रकरण को जातिगत रंग देना उचित नहीं है। यशपाल राजहंस ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को वह सम्मान नहीं दे सकी, जिसके वे अधिकारी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दलित समाज से होने का हवाला देकर इस मामले को बार-बार जातिगत मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था का सम्मान होना चाहिए, लेकिन जातिगत राजनीति का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने रामलीला मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कथित जातिगत बयानबाजी को लेकर भी विरोध जताया और कहा कि इस तरह की राजनीति से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। प्रदर्शन के दौरान मंडल अध्यक्ष टिंकू यादव, मंडल महामंत्री संदीप गुप्ता, महामंत्री संजीव चौहान, एससी मोर्चा जिला महामंत्री रामकिशन पासी, मंडल मंत्री स्तुति गुप्ता, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार यादव, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष सूरज सागर, कौशल्यापुरी मंडल महामंत्री यशपाल सिंह, एससी मोर्चा मंडल मंत्री पारूल, मंत्री चंद्रपाल, मंडल उपाध्यक्ष हरिश खुल्लर, पूर्व सांसद प्रतिनिधि हरीश वर्मा, विक्रम सिंह, सुरजीत कश्यप, लक्ष्मण तोमर, मोनू पवार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।