लापरवाही: रास्ते पर गौवंश बांधने से हादसे का खतरा, हिंदू रक्षा दल की शिकायत पर कानपुर देहात पुलिस अलर्ट
कानपुर देहात। जिले के डेरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांधी गांव में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल रहा है। यहाँ माँ अन्नपूर्णा जनता इंटर कॉलेज के मुख्य मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा बीच सड़क पर ही गौवंशों (गाय-बैलों) को बांधा जा रहा है, जिससे वहाँ से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, राहगीरों और स्वयं बेजुबान जानवरों के लिए दुर्घटना का गंभीर खतरा बना हुआ है। इस संवेदनशील मामले को देखते हुए हिंदू रक्षा दल ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर इस समस्या को उठाते हुए कानपुर देहात पुलिस को टैग (Mention) किया है। ट्वीट के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि सार्वजनिक रास्ते पर गौवंश बांधने वाले मालिक के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और जानवरों को सड़क से हटवाया जाए। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के अनुसार, गौवंश के मालिक को पहले कई बार समझया और मना किया गया था। उसे स्पष्ट चेतावनी भी दी गई थी कि यदि मुख्य मार्ग पर पशुओं के बंधे होने के कारण कोई दुर्घटना होती है या कोई गौवंश घायल होता है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके बावजूद पशु मालिक की लापरवाही लगातार बढ़ती रही और उसने रास्ते से गौवंश हटाना मुनासिब नहीं समझा। चूंकि यह रास्ता माँ अन्नपूर्णा जनता इंटर कॉलेज का मुख्य मार्ग है, इसलिए यहाँ दिनभर छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों का भारी आवागमन रहता है। रात के समय या तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहाँ कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। हिंदू रक्षा दल के ट्वीट के बाद स्थानीय पुलिस मामले का संज्ञान लेकर जांच में जुट गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।