बलिया के सरकारी स्कूल की जर्जर इमारत को गिराए जाने का मामला अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बनता जा रहा है।
बलिया के पन्दह शिक्षा क्षेत्र के डंकिंगगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय की इमारत को बुलडोजर से गिराए जाने का वीडियो सामने आने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सवाल उठाए थे।
उन्होंने वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार पर तंज कसा था।
अखिलेश यादव के सवाल के बाद अब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा भी इस मुद्दे को लेकर मैदान में नजर आए।
सर्वेश मिश्रा मौके पर पहुंचे और स्कूल से जुड़ी जमीनी स्थिति को सामने रखा। इससे पहले बलिया में पत्रकारों और यूट्यूबरों के स्कूलों में जाकर रिपोर्टिंग करने पर रोक संबंधी बीएसए के आदेश को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने से मीडिया को नहीं रोका जाना चाहिए और वह खुद स्कूलों में जाकर हकीकत देखेंगे।
मामले में शिक्षा विभाग का अपना पक्ष भी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह के अनुसार डंकिंगगंज का विद्यालय भवन वर्ष 1990 में बनाया गया था और उसमें सिर्फ दो कमरे थे। करीब 36 साल पुराना होने के कारण भवन बेहद जर्जर हो गया था और सुरक्षा की दृष्टि से उसे गिराने की कार्रवाई की गई।
विभाग का कहना है कि सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुरानी इमारत हटाई गई है और उसी स्थान पर नया विद्यालय भवन बनाया जाएगा।
लेकिन सवाल सिर्फ एक जर्जर भवन को गिराए जाने का नहीं है। सवाल यह भी है कि पुराने भवन को हटाने के बाद बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था क्या है, नया भवन कब तक तैयार होगा और तब तक विद्यार्थियों को किन परिस्थितियों में पढ़ना पड़ेगा।
यही वे सवाल हैं जिनकी जमीनी पड़ताल सर्वेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर करने की कोशिश की।
Ballia #बलिया #SarveshMishra #सर्वेशमिश्रा #AkhileshYadav #अखिलेशयादव #GovernmentSchool #सरकारीस्कूल #UPNews #UttarPradesh #शिक्षाव्यवस्था #SchoolEducation #BalliaNews #UPPolitics #योगीसरकार #जमीनीहकीकत
Belthara Road, Ballia | Sep 14, 2026