तेज हवा-बारिश से बिजली आपूर्ति प्रभावित, बिजली विद्युत विभाग झुमरी तिलैया ने जारी की एडवाइजरी
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के प्रभाव से जिले में तेज हवा के साथ भारी बारिश हो रही है। खराब मौसम के कारण कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। तेज हवा के कारण पेड़ और पेड़ों की डालियां विद्युत लाइनों पर गिरने से बिजली व्यवस्था बाधित हुई है। विद्युत विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं।
शुक्रवार को सुबह 11 बजे से विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गिरे हुए बिजली तार, क्षतिग्रस्त पोल और अन्य असुरक्षित विद्युत लाइनों से दूरी बनाए रखें। किसी भी स्थिति में टूटे तार को छूने या उसके संपर्क में आने का प्रयास नहीं करें। ऐसी जानकारी मिलने पर तत्काल विद्युत विभाग को सूचित करें। विभाग के अनुसार हवा की गति कम होते ही मरम्मत कार्य तेज कर बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।