कोडरमा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘विश्वास’ के तहत कोडरमा पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल ट्रैकिंग और डेटा विश्लेषण के जरिए 177 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है। इनमें 56 मोबाइल कोडरमा जिले से गुम या चोरी हुए थे, जबकि 121 मोबाइल महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से गुम हुए थे।
कोडरमा पुलिस ने जिले से बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को चंदवारा पुलिस लाइन में शुक्रवार को 12 बजे सौंपा। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार जताया। बाहरी राज्यों से बरामद मोबाइल संबंधित राज्यों के सीईआईआर नोडल को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी की कार्रवाई की जा सके।