महर्षि अरविंद जिला स्तरीय व्याख्यानमाला सम्पन्न
मानव जाति का विकास केवल शारीरिक या मानसिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना का क्रमिक विकास है : पुलिस अधीक्षक आशीष खरे
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला डिंडोरी के तत्वावधान में महर्षि श्री अरविंद की जयंती के अवसर पर उनके स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारी योगदान एवं विचारों को जनमानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन मेकलसुता कॉलेज सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे (आईपीएस), मुख्य वक्ता मेकलसुता कॉलेज के प्राचार्य श्री बिहारी लाल द्विवेदी, कार्यक्रम अध्यक्ष बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी बिलैया तथा पूज्य स्वामी रूपनारायण पुरी, रामबाई सेवा आश्रम डेमघाट उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि अरविंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों का स्वागत तुलसी के पौधे भेंट कर किया गया।
जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान ने महर्षि अरविंद जयंती के उद्देश्य तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने महर्षि अरविंद के जीवन और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने इंडियन सिविल सर्विस की परीक्षा उत्तीर्ण करने से लेकर प्राध्यापक, शिक्षाविद, क्रांतिकारी नेता, योगी और दार्शनिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि मानव जाति का विकास केवल शारीरिक या मानसिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना का क्रमिक विकास है। पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती माधुरी बिलैया ने कहा कि महर्षि अरविंद जैसे महान व्यक्तित्वों के संघर्ष और योगदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र एवं सुखद जीवन जी रहे हैं। उन्होंने सभी उपस्थित प्रतिभागियों को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया।
मुख्य वक्ता श्री बिहारी लाल द्विवेदी ने महर्षि अरविंद को आध्यात्मिक गुरु, दार्शनिक चिंतक और क्रांति के नीति विशेषज्ञ के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद का शिक्षा दर्शन आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने भारतीय शिक्षा चिंतन में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए मानव के आध्यात्मिक विकास पर जोर दिया। वर्तमान समय में अपनी प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं को समझने तथा उनका अनुसरण करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में अंकुर अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ सहित विभिन्न सामाजिक अभियानों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक डॉ. निलेश्वरी वैश्य ने किया तथा आभार विकासखंड समन्वयक श्री भानु प्रताप मरावी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी विकासखंड समन्वयक, परामर्शदाता, बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं, प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया।
#MaharshiAurobindo #SriAurobindo #AurobindoJayanti #DistrictLevelLecture #Dindori #MadhyaPradesh #JanAbhiyanParishad #SpiritualConsciousness #HumanDevelopment #IndianFreedomStruggle #NationBuilding #YouthAwareness #DrugFreeYouth #CyberCrimeAwareness #IndianCulture #EducationPhilosophy #SocialAwareness #EkPedMaaKeNaam #PlantationDrive #BSW #MSW #DindoriNews #MPNews #PublicRelations #spdindori #collectordindori #jansampark
Dindori, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026