अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय में योग शिविर का आयोजन
मुजफ्फरपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार सुश्री श्वेता कुमारी सिंह के निर्देश पर संपन्न हुआ।
शिविर का संचालन प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री राजा राम संतोष कुमार की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर न्यायमंडल के कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री पीयूष प्रभाकर सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी, व्यवहार न्यायालय के कर्मी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
योग शिविर में प्रजापति ब्रह्मकुमारी संस्थान से आए प्रशिक्षकों—डॉ. प्रदीप झा, बहन सीता कुमारी, बहन वंदना कुमारी एवं श्री भास्कर कुमार ने प्रतिभागियों को सुबह 6:30 बजे से योग एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग की विभिन्न मुद्राओं, उनकी बारीकियों और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सुबह के शांत और मनोहारी वातावरण में आयोजित इस योग कार्यक्रम का सभी प्रतिभागियों ने भरपूर लाभ उठाया। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।