नियमों की अनदेखी करने पर निगम की बड़ी कार्रवाई, होटल व पैलेस के किए चालान
निगम की टीम ने बीडब्ल्यूजी श्रेणी में आने वाले विभिन्न रिजॉर्ट, पैलेस व होटलों का किया निरीक्षण
यमुनानगर। बीडब्ल्यूजी नियमों की अनदेखी करने पर नगर निगम ने शहर में बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने बीडब्ल्यूजी (बल्क वेस्ट जनरेटर) श्रेणी में आने वाले शहर के विभिन्न रिजॉर्ट, मैरिज पैलेस और होटलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडब्ल्यूजी नियमों की उल्लंघना मिलने पर एक होटल व पैलेस का चालान किया। जांच में यहां कचरे का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया जा रहा था और बीडब्ल्यूजी नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। जिस पर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज के नेतृत्व में निगम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, स्वच्छ भारत मिशन शहरी के आईईसी विशेषज्ञ आकाश कुमार व होमगार्ड के जवानों की टीम ने बीडब्ल्यूजी (बल्क वेस्ट जनरेटर) श्रेणी में आने वाले मॉडल टाउन के विभिन्न रिजॉर्ट, पैलेस और होटलों का निरीक्षण किया। जांच में मॉडल टाउन स्थित थ्री चेयरर्स होटल में बीडब्ल्यूजी के नियमों की उल्लंघना पाई गई। निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होटल के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज द्वारा चालान किया गया। इसके बाद निगम की टीम ने वर्कशॉप रोड स्थित कईं मैरिज पैलेस, रिजॉर्ट व होटलों की जांच की। जांच में पारकर पैलेस प्रबंधन द्वारा बीडब्ल्यूजी नियमों का उल्लंघन होता मिला। जिस पर निगम की टीम ने उसका भी मौके चालान किया गया। निरीक्षण के समय इन संस्थानों की रसोईयों में कचरे का सही तरीके से निस्तारण न होने तथा साफ-सफाई की कमी पाई गई। इस पर निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने के कारण संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान संस्थानों में बनाए गए कम्पोस्ट पिट की भी जांच की गई। कुछ स्थानों पर कम्पोस्टिंग पिट का सही तरीके से उपयोग नहीं किया जा रहा था और गीले कचरे को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कम्पोस्टिंग के लिए नहीं डाला जा रहा था। अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों को कम्पोस्टिंग पिट का सही उपयोग करने तथा गीले कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया को नियमित रूप से अपनाने के निर्देश दिए। मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने संस्थानों के प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में कचरा प्रबंधन से संबंधित सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को ध्यान में रखते हुए शहर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके।
-----------
बीडब्ल्यूजी गाइडलाइन का पालन करें सभी संस्थान - महाबीर प्रसाद
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बीडब्ल्यूजी की श्रेणी में आने वाले सभी होटल, मैरिज पैलेस और अन्य संस्थानों के संचालकों को निर्देश दिए कि वे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट अर्थात एसडब्ल्यूएम अधिनियम 2016 और बीडब्ल्यूजी गाइडलाइन 2017 के नियमों का सख्ती से पालन करना सुनिश्चित करें। संस्थानों से निकलने वाले गीले कचरे से परिसर में ही खाद तैयार की जाए और सूखे कचरे का पृथक रूप से निस्तारण किया जाए। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। इसके साथ ही रीसाइक्लेबल कचरे को केवल अधिकृत रीसाइक्लर तक पहुंचाने की व्यवस्था करें।
फोटो कैप्शन - बीडब्ल्यूजी संस्थान का चालान करते मुख्य सफाई निरीक्षक।
संस्थान में फैली गंदगी।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Oct 29, 2026