यमुनानगर। डीएवी कॉलेज फॉर गर्ल्स में आईआईसी और फैशन डिजाइनिंग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमिता महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में छात्राओं ने हस्त निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और खाद्य पदार्थों के स्टाल लगाकर अपनी उद्यमशीलता की प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने हुनर और रचनात्मक विचारों को व्यवसाय के रूप में प्रस्तुत करते हुए आय अर्जित करने का प्रयास किया।
सेक्टर-17 स्थित इंग्लिश जोन की संचालिका हरविंदर सेठी मुख्य अतिथि रहीं। कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कौर, आईआईसी कनवीनर विवेक और फैशन डिजाइनिंग विभागाध्यक्ष मंजीत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
डॉ. सुरिंदर कौर ने कहा कि छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय के स्रोत बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यमिता महोत्सव का आयोजन किया गया है। छात्राओं में नए विचारों, रचनात्मकता और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। इस प्रकार के आयोजन छात्राओं की छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि उद्यमिता के माध्यम से छात्राएं अपने हुनर को व्यवसाय में बदल सकती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। महोत्सव में छात्राओं ने हस्त निर्मित वस्तुओं की बिक्री कर आय अर्जित की। वहीं, खाद्य पदार्थों के स्टाल लगाकर भी उन्होंने अपनी उद्यमशीलता का परिचय दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ परमेश कुमार, निधि, सोनिया, अदिति, साक्षी ने सहयोग दिया।