नेरी क्षेत्र की पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान मुख्यमंत्री के द्वारा करवाया जाएगा : डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा
ग्राम पंचायत नेरी के ग्रामीणों ने पानी की किल्लत को लेकर सौंपा ज्ञापन
ग्राम पंचायत नेरी के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा से मिला और क्षेत्र में व्याप्त गंभीर पेयजल समस्या से उन्हें अवगत करवाया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत विडंबनापूर्ण स्थिति है कि जिस नेरी क्षेत्र से हमीरपुर शहर और आसपास की लगभग आधी आबादी को पेयजल आपूर्ति की जाती है, उसी क्षेत्र के लोग आज भी पर्याप्त पेयजल सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि यह विभागीय स्तर पर गंभीर चिंता का विषय है कि आज तक ग्राम पंचायत नेरी को किसी प्रभावी पेयजल योजना से नहीं जोड़ा गया और ग्रामीणों को वर्षों पुरानी ग्रेविटी आधारित जलापूर्ति व्यवस्था के भरोसे छोड़ दिया गया है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि पिछले दो दशकों में नेरी क्षेत्र की जनसंख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके चलते पेयजल की मांग भी बढ़ी है। इसके बावजूद जल शक्ति विभाग द्वारा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप कोई ठोस एवं दीर्घकालिक योजना तैयार नहीं की गई। उन्होंने कहा कि नेरी क्षेत्र प्राकृतिक जल स्रोतों से समृद्ध है, जो सदियों से निरंतर बह रहे हैं, लेकिन इन स्रोतों का वैज्ञानिक ढंग से दोहन एवं संरक्षण कर ग्रामीणों के लिए पर्याप्त भंडारण टैंक और जलापूर्ति योजनाएं विकसित नहीं की गईं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण विषय को प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा संबंधित विभाग के साथ विस्तृत चर्चा कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और नेरी क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।