सड़क मरम्मत, चौड़ीकरण, यातायात जाम एवं अतिक्रमण की जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा, शीघ्र कार्रवाई के निदेश
आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर अतिक्रमण हटाने हेतु विशेष अभियान चलाने पर जोर
जिलाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर श्री अवधेश दीक्षित की संयुक्त अध्यक्षता में आज जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क चौड़ीकरण से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति, यातायात जाम तथा अतिक्रमण की समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, अन्य संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं जिला खनन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जीरो माइल से असनी, असनी से बामपाली बाइपास, आरा-सासाराम मुख्य मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, बिहिया चौक पर लगने वाले यातायात जाम तथा नगर पंचायत जगदीशपुर एवं आरा शहर में अतिक्रमण की समस्याओं पर चर्चा करते हुए अनुमण्डल पदाधिकारियों एवं नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निदेशित किया गया।
इसके अतिरिक्त, आरा नगर स्थित बस स्टैंड के समीप ढलान पर क्षतिग्रस्त सड़क, तेतरिया से खैरा जाने वाली सड़क एवं अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का निदेश संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को दिया गया। इस क्रम में कार्यपालक अभियंताओं द्वारा मरम्मत कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया गया।
आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं नगर निगम के संबंधित पदाधिकारियों को प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुनः विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने हेतु निदेशित किया गया। साथ ही, पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आमजनों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
Arrah, Bhojpur | Oct 29, 2026