विधायक डॉ. वाचस्पति के प्रयासों को मिली सफलता, बारा में स्थायी पुल निर्माण प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने दिया सकारात्मक आश्वासन
प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा एवं कौशांबी को जोड़ेगा यह पुल, बनने से मिलेगी राहत
बारा प्रयागराज। विधानसभा क्षेत्र बारा के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत विधायक डॉ. वाचस्पति द्वारा क्षेत्र में पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल हुई है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा 17 जून 2026 को भेजे गए पत्र में विधायक डॉ. वाचस्पति के अनुरोध का संज्ञान लेते हुए बताया गया है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों तथा सीआरआईएफ (CRIF) अधिनियम 2000 के तहत राज्य सरकारों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर भेजी गई परियोजनाओं पर विचार किया जाता है। मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव पर प्राथमिकता के साथ विचार करने तथा राज्य सरकार को आवश्यक कार्यवाही हेतु अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि विधायक डॉ. वाचस्पति ने विधानसभा क्षेत्र 264 बारा, प्रयागराज में पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल निर्माण की मांग उठाई थी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। केंद्रीय मंत्री के इस पत्र के बाद क्षेत्रवासियों में पुल निर्माण की उम्मीद और मजबूत हुई है।
विधायक डॉ. वाचस्पति ने कहा कि बारा विधानसभा के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा तथा क्षेत्र की महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान हेतु हर स्तर पर आवाज उठाई जाती रहेगी।
#prayagrajnews