केदारनाथ हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रही कांवड़ यात्रियों की स्कूटी कार से टकराई, दो घायल!!
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुर के समीप शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में कांवड़ यात्रियों की तेज रफ्तार स्कूटी रॉन्ग साइड से आकर एक कार से टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार दो कांवड़ यात्री घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार का पंजीकरण नंबर HP-12J-7136 है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और कार चालक का कहना है कि कुछ कांवड़ यात्री यात्रा मार्ग पर तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कई दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हैं, जिनसे अत्यधिक शोर होने के कारण आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रा मार्ग पर रॉन्ग साइड वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।