इटावा-बरेली हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
फर्रुखाबाद/मोहम्मदाबाद। इटावा-बरेली हाईवे किनारे मदनपुर चौकी क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मृतक की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अलाउद्दीनपुर निवासी नफीस (40) पुत्र स्वर्गीय गफरुद्दीन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक नफीस कई दिनों से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि नफीस मजदूरी करने गोवा गया था और वापस लौटने के बाद 1 अगस्त को बेवर बस स्टैंड से अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
घटना को लेकर पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। बेवर में हुए विवाद और उसके बाद की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नफीस की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
#Farrukhabad #EtawahBareillyHighway #BreakingNews #PoliceInvestigation