मरीजों को समय पर उपचार और पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध कराने के दिए निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी - कलेक्टर श्री यादव
===
नोहटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की अनुपलब्धता और दवाइयों की कमी की शिकायत पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव सख्त
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज नोहटा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद लोगों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
चर्चा के दौरान ग्रामीणजनों ने कलेक्टर को बताया कि अस्पताल में डॉक्टर पूरे समय उपलब्ध नहीं रहते हैं तथा दवाइयों की भी पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री यादव ने संबंधित डॉक्टर को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय तक अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों का नियमित परीक्षण एवं उपचार सुनिश्चित करें। मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले।
श्री यादव ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी निर्देशित किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
#JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #damoh
Damoh, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026